गुस्साए लोगों ने चालक पकड़ा
Kanpur । नौबस्ता चौराहे पर मंगलवार को हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की उम्मीदें छीन लीं। स्कूली यूनिफॉर्म सिलकर घर चलाने में मदद करने वाली युवती की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने चालक को दौड़ाकर पकड़ लिया।
देवकी नगर निवासी इशरत खान रोज की तरह काम के सिलसिले में काकादेव स्थित स्कूल जा रही थी। दोपहर करीब एक बजे वह स्कूटी से नौबस्ता चौराहे के पास पहुंची ही थी कि पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई और इशरत ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए पीछा कर उसे दबोच लिया। आक्रोशित भीड़ ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
सूचना पर पहुंची नौबस्ता पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


