24 अक्टूबर को फिर लगेगा मतदाता पंजीकरण शिविर,
18-19 साल के युवाओं और महिला मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर, डीएम ने किया बूथों का निरीक्षण
Kanpur। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित लोगों को एक और मौका मिलेगा। इसके लिए 24 अक्टूबर को जिले के सभी 3770 मतदेय स्थलों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। शनिवार को आयोजित शिविरों का जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय, बिल्हौर प्रथम स्थित मतदान केंद्र के भाग संख्या 62, 63 और 64 का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ से पंजीकरण के लिए मिले आवेदनों और उनके निस्तारण की जानकारी ली।
डीएम ने विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए मतदाताओं के सत्यापन के लिए तैयार एएसडी सूची का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची का सत्यापन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता से किया जाए। 18-19 वर्ष के पात्र युवाओं का नाम सूची में शामिल करने को प्राथमिकता देने के साथ महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने और मतदाता सूची में लिंगानुपात सुधारने पर भी जोर दिया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार को जिले के सभी 3770 मतदेय स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। अगले शिविर में भी बीएलओ सुबह 10 से शाम चार बजे तक मौजूद रहेंगे। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। खासकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और अब तक पंजीकरण से वंचित महिला मतदाताओं से शिविर का लाभ उठाने की अपील की गई है।


