Kanpur । जिला कारागार में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीडी) अभिनव तिवारी ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं को परखा और बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
सचिव ने पाकशाला, अस्पताल के साथ पुरुष, महिला और बाल बैरकों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई बंदियों ने अपनी कानूनी परेशानियां रखीं, जिन पर उन्होंने आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए निस्तारण का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बंदी को न्याय पाने में आर्थिक तंगी बाधा नहीं बनने दी जाएगी।
निरीक्षण के साथ ही दोषसिद्ध बंदियों के लिए विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बंदियों को उनके संवैधानिक और विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि उच्च न्यायालय में अपील या अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
सचिव ने बंदियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर प्राधिकरण से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की सूची तैयार कर प्राधिकरण को भेजी जाए, जिनका निस्तारण ई-जेल लोक अदालत या जेल लोक अदालत के माध्यम से संभव है, ताकि मामलों का त्वरित समाधान हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन बंदियों की जमानत याचिकाएं स्वीकृत हो चुकी हैं, उन्हें आवश्यक विधिक सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनकी रिहाई में कोई अनावश्यक विलंब न हो।


