कल्याणपुर में औचक कार्रवाई से हड़कंप, बिना डॉक्टर और फर्जी सुविधाओं का खुलासा
Kanpur । शहर के कल्याणपुर क्षेत्र में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध व मानक विहीन अस्पतालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (नोडल अधिकारी, नर्सिंग होम) के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

19 नर्सिंग होम की जांच, कई में गंभीर खामियां
औचक निरीक्षण के दौरान टीम ने कुल 19 नर्सिंग होम की जांच की। इसमें कई अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके चलते दो संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि अन्य को नोटिस जारी किए गए।
बिना डॉक्टर के चल रहे थे अस्पताल
जांच के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कई अस्पतालों में आपात स्थिति के लिए ड्यूटी डॉक्टर तक मौजूद नहीं थे। इससे मरीजों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
फर्जी सुविधाओं का खेल उजागर
कुछ अस्पतालों में बोर्ड पर आईसीयू और एनआईसीयू जैसी सुविधाओं का दावा किया जा रहा था, लेकिन मौके पर ऐसी कोई व्यवस्था नहीं मिली। इससे साफ है कि मरीजों को गुमराह किया जा रहा था।
इन अस्पतालों पर हुई कार्रवाई
संजयदीप हॉस्पिटल को गंभीर अनियमितताओं के चलते सील कर दिया गया। एलएस नर्सिंग होम को पूर्व कमियों के आधार पर दोबारा सील करने की संस्तुति की गई। न्यू पुष्पांजली और मॉ नर्सिंग होम को एनओसी न होने पर नोटिस जारी किया गया।
साम्भवी मेडिकल सेंटर और एचआर हॉस्पिटल में ड्यूटी डॉक्टर न मिलने पर स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं शिवाय हॉस्पिटल और संस्कार हेल्थ केयर के खिलाफ नियम उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही है।
कई अन्य अस्पतालों को नोटिस
अल्का मेडिकल सेंटर, सारांश हॉस्पिटल, डिवाइन हॉस्पिटल, किरन मेडिकल सेंटर और कानपुर मेड हॉस्पिटल में भी गंभीर खामियां पाई गईं। इसके अलावा महादेव हॉस्पिटल, कांशि हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर, कल्याण ट्रॉमा सेंटर, पृथ्वी हॉस्पिटल, वात्सल्य हॉस्पिटल और मर्सी हॉस्पिटल को सख्त नोटिस जारी किए गए हैं।
अभियान जारी रहेगा
नोडल अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अस्पताल को बख्शा नहीं जाएगा। मानकों का पालन न करने वाले और अवैध रूप से संचालित संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


