1705 विद्यालयों के एक लाख से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल, प्रश्नपत्र पहुंचे, तैयारियां पूरी
Kanpur । जिले के परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार से अर्धवार्षिक परीक्षाओं का आगाज होगा। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित इन परीक्षाओं में 1705 विद्यालयों के एक लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विद्यालयों में प्रश्नपत्र पहुंचा दिए गए हैं। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शिक्षकों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शिक्षकों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
परीक्षा शुरू होने से एक दिन पहले सोमवार को जिले के 895 संकुलों में बैठकें आयोजित की गईं। प्रत्येक संकुल के अंतर्गत 10 से 15 विद्यालयों को शामिल किया गया। इन बैठकों में प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी देने के साथ विभागीय योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। शिक्षण कार्य में नवाचार अपनाने और विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।
जिले के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट और पीएमश्री विद्यालयों में मौखिक एवं लिखित परीक्षाएं कराई जाएंगी। परीक्षा के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए सभी विकासखंडों में तैनात अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों और परीक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षाएं समाप्त होने के बाद दिसंबर में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाएगा। इसके लिए विद्यालय स्तर पर ही व्यवस्था बनाने की तैयारी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मूल्यांकन प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की योजना बनाई जा रही है, जिससे विद्यार्थियों के प्रदर्शन का आकलन कर उनकी शैक्षिक प्रगति की जानकारी मिल सके।

