पुलिस आयुक्त ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दिए निर्देश, अनधिकृत निर्माण के खिलाफ चलेगा संयुक्त अभियान
कानपुर। फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के हुए अग्निकांड के बाद पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। हादसे में एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की मौत के बाद पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे के लिए जिम्मेदार बिल्डर और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शहर में बनी असुरक्षित और अनधिकृत इमारतों को चिह्नित कर सील करने का अभियान चलाया जाएगा।
पार्किंग से उठी आग, सीढ़ियों तक पहुंची
पार्किंग से उठी आग, सीढ़ियों तक पहुंची

सोमवार सुबह 16 नवंबर को 4:54 बजे राधिका अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली। फायर स्टेशन लाटूश रोड और कर्नलगंज की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने इमारत में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इनमें चार लोगों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान एक महिला और 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है।
आपातकालीन निकास की नहीं थी व्यवस्था
पुलिस आयुक्त के निरीक्षण में सामने आया कि करीब चार मीटर चौड़ी सड़क पर बनी पांच से छह मंजिला इमारत के भूतल स्थित पार्किंग में खड़े वाहनों में स्पार्किंग से आग लगी। इसके बाद आग सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। इमारत में आपात स्थिति से बाहर निकलने के लिए समुचित निकास की व्यवस्था भी नहीं मिली।
केडीए के साथ चलेगा अभियान
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने केडीए उपाध्यक्ष से वार्ता कर ऐसी अनधिकृत और असुरक्षित इमारतों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस और केडीए की संयुक्त टीम अभियान चलाकर ऐसी इमारतों को सील करेगी। निर्माण में नियमों की अनदेखी करने और सुरक्षा मानकों के प्रति लापरवाही बरतने वालों को भी कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा। अधिकारियों के इस रुख से शहर की बहुमंजिला इमारतों में सुरक्षा इंतजामों की जांच तेज होने की उम्मीद है।

