Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग 2026-27 में सोमवार को खेले गए मुकाबलों में सोनेट क्लब और अमर क्लब ने शानदार जीत दर्ज की।एचबीटीयू मैदान पर खेले गए मुकाबले में सोनेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में सात विकेट पर 204 रन बनाए। सार्थक अग्रवाल ने 44, आशीष गौतम ने 36 और मोहम्मद आरिफ ने 22 रन का योगदान दिया।
एचबीटीयू की ओर से आदित्य सिंह और साहिल यादव ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में एचबीटीयू की टीम 26.3 ओवर में 139 रन पर सिमट गई। आशुतोष दुबे ने 32, ललित कुमार ने 21 और ध्रुव स्वरूप श्रीवास्तव ने 20 रन बनाए। सोनेट की ओर से शौर्य गुप्ता ने तीन और अंश राय ने दो विकेट झटके। सोनेट क्लब ने 65 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
वहीं, राष्ट्रीय अमर क्लब मैदान पर अमर क्लब ने पांच विकेट पर 216 रन बनाए। आकाश कुमार ने नाबाद 41, अभ्युदय प्रताप सिंह ने 35 और हिमांशु सिंह ने 31 रन बनाए। जवाब में पैरामाउंट क्लब की टीम 35 ओवर में 206 रन पर आउट हो गई। ललित कुमार ने 45, रंजीत झा ने 42 और प्रांजल गुप्ता ने 41 रन बनाए। अमर क्लब की ओर से दीपेंद्र सिंह ने तीन, श्लोक प्रताप सिंह ने तीन और सुमित यादव ने दो विकेट लेकर टीम को 10 रन से जीत दिलाई।

