वाईएमसीसी को 36 रन से हराया, अमन ठाकुर ने झटके चार विकेट; अजय शर्मा मेमोरियल टी-20 टूर्नामेंट का आगाज
Kanpur । कानपुर साउथ एकेडमी की ओर से आयोजित चौथे अजय शर्मा मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार को कानपुर साउथ ग्राउंड पर शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में बाबे लालू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वाईएमसीसी को 36 रन से पराजित कर प्री-क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज की।
इससे पहले मुख्य अतिथि भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, भाजपा नेता डॉ. रोहित सक्सेना और आयकर विभाग के सहायक आयुक्त दीपक कुशवाहा ने संयुक्त रूप से टूर्नामेंट का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मुकाबले में टॉस जीतकर वाईएमसीसी ने पहले गेंदबाजी चुनी। बाबे लालू ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 191 रन बनाए। सम्यक कुमार ने 50 गेंदों पर 93 रन की आकर्षक पारी खेली। उन्होंने 14 चौके और दो छक्के लगाए। अभय सिंह ने भी 38 गेंदों पर 55 रन का योगदान दिया।
जवाब में वाईएमसीसी की टीम 19.4 ओवर में 155 रन पर सिमट गई। आयुष ने 52 गेंदों पर 75 और कप्तान प्रबल केसरवानी ने 26 गेंदों पर 45 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। बाबे लालू के कप्तान अमन सिंह ठाकुर ने चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट झटके, जबकि राजा निगम ने तीन विकेट हासिल किए।

