प्रथम बीएसएस रैपिड प्रतियोगिता में सात आयु वर्गों के बीच हुए मुकाबले, विजेताओं को ट्रॉफी और पदक देकर किया सम्मानित
Kanpur । टिकरा स्थित बीएसएस एजुकेशन सेंटर में रविवार को प्रथम बीएसएस रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शर्मा चेस एकेडमी और कानपुर चेस एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में 132 बालक और बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई।
प्रतियोगिता में अंडर-5 से लेकर अंडर-19 तक सात आयु वर्गों में मुकाबले हुए। इसमें अंडर-5, अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-19 वर्ग शामिल रहे। खिलाड़ियों ने शतरंज की बिसात पर अपनी चालों से प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती दी।
मुख्य अतिथि एडीसीपी वेस्ट योगेंद्र कुमार, बीएसएस एजुकेशन सेंटर के प्रबंधक आशीष बाजपेई और शर्मा चेस एकेडमी के चेयरमैन राजेश कुमार शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पदक देकर सम्मानित किया।मुख्य अतिथि योगेंद्र कुमार ने कहा कि शतरंज बच्चों में एकाग्रता, धैर्य और अनुशासन विकसित करने के साथ निर्णय लेने की क्षमता भी बढ़ाता है। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर देती हैं।
आर्बिटर कुसुम शर्मा ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एकेडमी का उद्देश्य बच्चों को शतरंज के माध्यम से बेहतर मंच देना और उन्हें जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

