काशी विद्यापीठ ने 7-0 से जीता मुकाबला, इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने लखनऊ को हराया
Kanpur। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में चल रही सेंट्रल जोन अंतर विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता में रविवार को तीसरे दिन गोलों की खूब बरसात हुई। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय को 8-0 से करारी शिकस्त दी, जबकि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने राजीव गांधी विश्वविद्यालय को 7-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं, इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में लखनऊ विश्वविद्यालय को 5-3 से पराजित किया।
तीसरे दिन कुल 11 मुकाबले निर्धारित थे, जिनमें नौ खेले गए। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय ने एमआईटीएस ग्वालियर को 4-0 से, बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय भोपाल ने अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय रीवा को 3-0 से हराया। शुआट्स प्रयागराज ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय अलीगढ़ को 2-0 से शिकस्त दी। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मेरठ के मैदान पर नहीं पहुंचने पर मेडी-कैप्स विश्वविद्यालय को वॉकओवर मिला।
आईआईटी कानपुर मैदान पर गलगोटिया विश्वविद्यालय ने एलएनसीटी विश्वविद्यालय भोपाल को 7-0 से हराया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने जागरण लेकसिटी विश्वविद्यालय को 4-1 से मात दी। वहीं, डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय ने क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय को 3-0 से पराजित किया।दिन के मुकाबलों में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और काशी विद्यापीठ की बड़ी जीत आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, इलाहाबाद और लखनऊ विश्वविद्यालय के बीच आठ गोल वाले मुकाबले में खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन किया।

