फीलखाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई,सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस से खुला राज; नकदी व मोबाइल बरामद
Kanpur । थाना फीलखाना पुलिस ने ऑटो में सवारी बनकर यात्रियों से चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो काफी समय से इसी तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले ऑटो में सामान्य यात्री बनकर बैठते थे और खासकर अकेले सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाते थे। यात्रा के दौरान ये लोग ऑटो चालक से तेज और लापरवाही से वाहन चलवाते थे, जिससे यात्री घबरा जाता था। इसी अफरातफरी का फायदा उठाकर आरोपी यात्रियों की जेब, बैग और मोबाइल पर हाथ साफ कर देते थे।
वारदात के बाद आरोपी ऑटो के खराब होने या रास्ता बदलने का बहाना बनाकर यात्रियों को बीच रास्ते में उतार देते थे और मौके से फरार हो जाते थे। इस तरह ये लोग लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
फीलखाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए करीब 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने गांधी भवन और के.ई.एम हॉल के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9,640 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया जा रहा ऑटो बरामद किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


