30 सितम्बर को कानपुर में होगी यूपीसीए की एजीएम
Kanpur । उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की 21वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) 30 सितम्बर को शहर के पांच सितारा होटल लैंडमार्क में होगी। इस बार चुनाव नहीं होने हैं, इसलिए सभी पांच मुख्य पदों पर पदाधिकारी अपने पदों पर कायम रहेंगे। यूपीसीए के 13 निदेशकों में चार निदेशकों का कार्यकाल पूरा हो रहा है, जिनकी पुन: नियुक्ति की जायेगी। इसके अलावा यूपी टी-20 काउंसिल का भी नामांकन होगा। एजीएम में इन फैसलों के अलावा नई चयन समिति व कोच की भी घोषणा होगी।
रविवार को लखनऊ में यूपी टी-20 लीग के फाइनल मुकाबले में यूपीसीए के सभी आलाधिकारी शामिल रहे। जिसमें लाइफ मेंबर व बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी मौजूद थे। सभी की उपस्थिति में इस बार यूपीसीए की एजीएम 30 सितम्बर को कानपुर में कराने की सहमित बनी। एजीएम के एजेंडों में इस बार चार निदेशकों का कार्यकाल पूरा होने के बाद उन्हें पुन: नियुक्ति करना तथा यूपी लीग काउंसिल का नामांकन शामिल है।
इस बार जिन चार निदेशकों का कार्यकाल पूरा हो रहा है उसमें अभिषेक सिंघानिया, रियासत अली, अशोक चतुर्वेदी और प्रदीप गुप्ता शामिल हैं। इन चारों को पुन: नियुक्त किया जायेगा। वहीं यूपी टी-20 लीग काउंसिल का भी नामांकन किया जाना है। जिसमें वर्तमान चेयरमैन डा.संजय कपूर ंके पुन: अपने पद पर नामांकन करने की पूरी संभावना है।
इसका प्रमुख कारण लखनऊ में रविवार को समाप्त हुए यूपी लीग के चौथे सीजन का सफल संचालन रहा। फाइनल मैच में तीस हजार दर्शक पहुंचे जिसने लीग में एक नया कीर्तिमान रचा। यूपीसीए ने डा.कपूर पर जो भरोसा जताया था उसे उन्होंने पूरा कर दिखाया। इसी को देखते हुए उन्हें दोबारा जिम्मेदारी मिलने की पूरी संभावना है। एजीएम में इसके अलावा नई चयन समितियों की भी घोषणा होगी। साथ ही अगले माह से शुरू हो रही रणजी ट्रॉफी के लिए भी यूपी की सीनियर टीम के कोच का फैसला होगा।


