“यह ओवरब्रिज केवल कंक्रीट का ढांचा नहीं, बल्कि कानपुर की प्रगति की नई जीवन रेखा बनेगा। विकास का यह पहिया अब रुकने वाला नहीं है : रमेश अवस्थी, सांसद
Kanpur । शहरवासियों को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में शुक्रवार को एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। जरीब चौकी चौराहे के पास 320 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास सांसद रमेश अवस्थी ने विधि-विधान से किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानपुर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार शहर को उसका पुराना औद्योगिक गौरव लौटाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बंद मिलों को पुनः शुरू कराने और औद्योगिक ढांचे को मजबूत बनाने के प्रयास भी जारी हैं।उन्होंने कहा कि जरीब चौकी शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहन जाम में फंसते हैं।
रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के दौरान लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। आरओबी बनने के बाद यातायात व्यवस्था सुगम होगी और लोगों को घंटों लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। साथ ही समय और ईंधन की भी बचत होगी।सांसद ने बताया कि इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। विधायक सुरेंद्र मैथानी, महेश त्रिवेदी और अरुण पाठक लगातार मुख्यमंत्री से इसकी मांग उठा रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल पुल निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे व्यापार, आवागमन और स्थानीय विकास को भी नई गति मिलेगी।कार्यक्रम में एमएलसी अरुण पाठक, पूर्व विधायक अजय कपूर, रघुनंदन सिंह भदौरिया, वीरेंद्र दुबे, अनिल दीक्षित समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। भूमि पूजन के बाद स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए इसे कानपुर के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।


