8600 लीटर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट,198 किलो अचार सीज किया गया,सॉस के तीन नमूने जांच के लिए भेजे गए,2.32 लाख रुपये से अधिक कीमत का माल नष्ट,फैक्ट्री सील, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
Kanpur । खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जाजमऊ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8600 लीटर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट कराई। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में सिरप, क्रश, शरबत और सॉस का बड़ा भंडार बरामद हुआ। विभाग ने संबंधित निर्माण इकाई को सील कर दिया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
निरीक्षण में मिला एक्सपायर्ड माल का जखीरा
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 15 जून को जाजमऊ स्थित विशाल भारत इंडस्ट्री का निरीक्षण किया। जांच के दौरान परिसर में बड़ी मात्रा में कालातीत खाद्य पदार्थ रखे मिले। अधिकारियों के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग मौके से फरार हो गए। इसके बाद विभाग ने फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
अचार और सॉस के नमूने भी लिए
17 जून को खाद्य कारोबारकर्ता के प्रतिनिधि की मौजूदगी में विभाग ने अचार के दो नमूने संग्रहित किए तथा करीब 198 किलोग्राम अचार को सीज किया। इसके अलावा सॉस के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है।
2.32 लाख रुपये से अधिक का माल कराया नष्ट
विभागीय अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार को लगभग 8600 लीटर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत 2.32 लाख रुपये से अधिक थी, को नगर निगम के भवती डंपिंग ग्राउंड में नियमानुसार नष्ट कराया गया।
स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए जारी रहेगा अभियान
सहायक आयुक्त (खाद्य) संजय प्रताप सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित इकाई के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, अरविन्द, आशुतोष और दिव्या सहित विभागीय टीम मौजूद रही।


