कमलापति चिकित्सालय का निरीक्षण, बोले- कानपुर को फिर बनाएंगे औद्योगिक पहचान का केंद्र
Kanpur । उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने कानपुर दौरे के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए कमलापति मेमोरियल चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

बृजेश पाठक ने मरीजों से दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और अस्पताल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता के बारे में सवाल किए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।
जवान की मां मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत
मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने आईटीबीपी जवान की मां के हाथ काटे जाने के मामले पर सरकार का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार की प्राथमिकता लोगों को बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

राजनीतिक मुद्दों पर भी बोले डिप्टी सीएम
लखनऊ में हुए संदीप हत्याकांड पर भी बृजेश पाठक ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
कानपुर के विकास और उद्योग पर फोकस
कानपुर के विकास को लेकर उपमुख्यमंत्री ने विशेष रूप से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कानपुर से उनका भावनात्मक जुड़ाव है और सरकार का लक्ष्य शहर को विकास तथा उद्योग के क्षेत्र में फिर अग्रणी बनाना है। उनके अनुसार कानपुर की पुरानी औद्योगिक पहचान को वैश्विक स्तर पर दोबारा स्थापित करने के लिए सरकार लगातार योजनाओं पर काम कर रही है।इस दौरान परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय और जिला पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


