Kanpur। नवाबगंज थाना क्षेत्र के जेवरा इलाके में मंगलवार देर रात उस समय दहशत फैल गई, जब एक विशाल मगरमच्छ रिहायशी बस्ती में घुस आया। भीषण गर्मी के चलते घरों के बाहर और छतों पर सो रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मगरमच्छ को देखते ही मोहल्ले में चीख-पुकार शुरू हो गई और लोग बच्चों व बुजुर्गों को लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। घटना के बाद पूरा इलाका रातभर सहमा रहा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक गर्मी और उमस के कारण अधिकांश परिवार घरों के बाहर चारपाइयों पर सो रहे थे। देर रात अचानक रास्ते पर रेंगते हुए भारी-भरकम मगरमच्छ दिखाई दिया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने टॉर्च की रोशनी और लाठी-डंडों के सहारे मगरमच्छ को आबादी से दूर भगाने का प्रयास किया।
काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ बस्ती से हटकर दूसरी दिशा में चला गया, लेकिन भय के कारण कई परिवार पूरी रात जागकर पहरा देते रहे।ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती के पास से गुजरने वाले बड़े नाले में मगरमच्छों की मौजूदगी की चर्चा पहले भी रही है, लेकिन पहली बार कोई मगरमच्छ रिहायशी इलाके तक पहुंचा है। इसे लेकर लोगों में गहरी चिंता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए नाले की घेराबंदी और वन्यजीवों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।


