Kanpur । शहर के उभरते क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने वाली 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार 17 मई को होगा। इसमें किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर शाम पांच बजे भव्य उद्घाटन समारोह के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत होगी। शनिवार को कैंप के अंतिम दिन चयनकर्ताओं ने चयन खिलाड़ियों को जरूरी टिप्स दिए।

उद्घाटन समारोह में प्रतियोगिता में भाग लेने वाली 12 टीमों का नामकरण किया जाएगा। इसके अलावा सभी खिलाड़ियों को टीम जर्सी वितरित की जाएगी और टीम कप्तानों की घोषणा भी की जाएगी।
प्रतियोगिता के आयोजन सचिव अमित मिश्रा ने बताया कि खिलाड़ियों के चयन और टीम गठन की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि जेएमटी अंडर-12 प्रतियोगिता ने पिछले 13 वर्षों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी तैयार किए हैं। प्रतियोगिता से निकले करीब 28 खिलाड़ी वर्तमान में प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े युवा क्रिकेटर शिवांग कुमार भी इसी प्रतियोगिता से आगे बढ़े और वर्तमान में मध्यप्रदेश अंडर-23 टीम के नियमित सदस्य हैं।


