Kanpur। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में शनिवार को खेले गए मुकाबले में साउथ जिमखाना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीसीए को 265 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। टीम की जीत में राहुल यादव और दिव्यांशु प्रताप के शतक निर्णायक साबित हुए।

श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर खेेले गए मैच में साउथ जिमखाना ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में चार विकेट पर 333 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। राहुल यादव ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 131 रन बनाए, जबकि दिव्यांशु प्रताप ने 100 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। अभिनव सिंह ने 38 और दिव्यांशु शुक्ला ने 34 रन का योगदान दिया। बीसीए की ओर से युवराज सिंह ने दो विकेट हासिल किए।
334 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीसीए की टीम साउथ जिमखाना की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 16.5 ओवर में 68 रन पर सिमट गई। बीसीए के लिए ब्रजेश कुमार ने 24 और फरदीन अंसारी ने 21 रन बनाए। साउथ जिमखाना की ओर से आदित्य मौर्य ने तीन विकेट झटके, जबकि अखिलेश यादव ने दो खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।


