Kanpur। सात दिवसीय कैंप के दूसरे दिन नेट्स पर सीनियर खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। धाकड़ बल्लेबाज रिंकू सिंह, अभिषेक गोस्वामी, प्रियम गर्ग, माधव कौशिक समेत सीनियर खिलाड़ियों ने करीब दो घंटे तक गेंदबाजों के सामने बल्लेबाजी का अभ्यास किया। बीसीसीआइ की सबसे बड़ी घरेलू शृंखला रणजी ट्राफी में उत्तर प्रदेश की टीम 11 अक्टूबर को बिहार के साथ होने वाले मुकाबले से अभियान की शुरुआत करेगी।
शनिवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में कोच ज्ञानेंद्र पांडेय व राहुल सप्रू ने फिटनेस सत्र के बाद फील्डिंग सत्र लगाकर सीनियर खिलाड़ियों की तैयारियों को परखा। बाउंड्री व स्लिप कैच के अभ्यास के बाद नेट्स पर रिंकू सिंह ने कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। टी-20 प्रारूप के सबसे धाकड़ खिलाड़ियों में शुमार रिंकू ने डटकर बल्लेबाजी का अभ्यास किया। रिंकू को नेट्स पर डटकर खेलता देखकर दूसरे व तीसरे नेट्स पर माधव, प्रियम, अभिषेक व अन्य बल्लेबाजों ने भी बाउंसर, यार्कर व स्पिनर के सामने बल्लेबाजी का अभ्यास किया। कोच ज्ञानेंद्र पांडेय ने बताया कि सीनियर खिलाड़ियों ने लय पकड़ ली है। फिटनेस, फील्डिंग के साथ ही गेंदबाजी व बल्लेबाजी में हर खिलाड़ी की क्षमता को परखा जा रहा है। सात दिवसीय कैंप में खिलाड़ी खुद को साबित कर उत्तर प्रदेश की टीम में जगह बनाने की दावेदारी पेश करेंगे।


