181 बच्चों को बांटे गए 236 सहायक उपकरण, शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
kanpur। चौबेपुर स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) में बुधवार को समग्र शिक्षा अभियान और पीएम श्री योजना के तहत 181 दिव्यांग बच्चों को 236 सहायक उपकरण निशुल्क वितरित किए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और एलिम्को कानपुर नगर के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में उपकरण पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

ककवन, बिल्हौर, चौबेपुर, कल्याणपुर, शिवराजपुर और नगर क्षेत्र के प्रेम नगर, शास्त्री नगर, सदर बाजार व किदवई नगर के बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए।बच्चों को छह ट्राईसाइकिल, तीन सीपी चेयर, 23 व्हीलचेयर, 21 रोलेटर, पांच ब्रेल किट, 104 टीएलएम किट, पांच सुगम्य छड़ी, 34 हियरिंग एड, 19 कैलिपर और 14 कुशन समेत कुल 236 उपकरण दिए गए। इनकी मदद से बच्चों को विद्यालय आने-जाने और पढ़ाई करने में सहूलियत मिलेगी।

खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा, “हर दिव्यांग बच्चे को शिक्षा के समान अवसर मिलने चाहिए। सहायक उपकरणों से बच्चों को विद्यालय आने-जाने और पढ़ाई करने में मदद मिलेगी। हमारा प्रयास है कि सभी बच्चे आत्मविश्वास के साथ शिक्षा ग्रहण करें और आत्मनिर्भर बनें।
अभिभावक भी बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रोत्साहित करें।कार्यक्रम में जिला समन्वयक समेकित शिक्षा डिंपल रानी, एलिम्को टीम के अखिलेश यादव, कृष्ण देव, राकेश कुमार,मोहन, सुरेश गौड़, प्रतिमा कुशवाहा और राजन लाल सहित अभिभावक व विशेष शिक्षक मौजूद रहे।

