Kanpur। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयीय पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में वीएसएसडी कॉलेज, डीएवी कॉलेज, पीपीएन कॉलेज और सीएसजेएम विश्वविद्यालय की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले मुकाबले में वीएसएसडी कॉलेज ने विराट के 61 और क्षितिज के 42 रनों की मदद से निर्धारित 20 ओवर में 185 रन बनाए। जवाब में एलेनहाउस की टीम 12 ओवर में 44 रन पर सिमट गई। वीएसएसडी के अभिषेक ने तीन, जबकि अरुण, क्षितिज और देवांश ने दो-दो विकेट लिए। वीएसएसडी ने यह मुकाबला 141 रन से जीता।
केसी ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मैच में डीएवी कॉलेज ने आयुष के 67 और विकास के 47 रनों की बदौलत 162 रन बनाए। जवाब में क्राइस्ट चर्च कॉलेज की टीम प्रणवीर के 43 और पृथ्वी के 24 रनों के बावजूद नौ विकेट पर 138 रन ही बना सकी। डीएवी के शिवांश और ऋषभ ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई।
वीएसएसडी कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए तीसरे मुकाबले में कानपुर विश्वविद्यालय की टीम ने शिवांशु के 51 और शुभदीप के 33 रनों की मदद से 228 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केके कॉलेज, इटावा की टीम रोहित के 43 रनों के बावजूद 131 रन पर आउट हो गई। विश्वविद्यालय की ओर से रोहित ने पांच और सद्दाम ने दो विकेट लिए। विश्वविद्यालय ने 97 रन से जीत दर्ज की।
केसी ग्राउंड पर खेले गए चौथे क्वार्टर फाइनल में हरसहाय कॉलेज की टीम 72 रन पर सिमट गई। जवाब में पीपीएन कॉलेज ने 5.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पीपीएन की ओर से मनु, अनुभव, शशांक और अनमोल ने दो-दो विकेट लिए।इस दौरान आयोजन सचिव डॉ. विपेन्द्र सिंह परमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

