बजरिया में सड़क की फिनिशिंग सुधारने के निर्देश, स्वरूप नगर में दो नवंबर तक रास्ता साफ करने का दावा
Kanpur । शहर में चल रहे सड़क निर्माण और पैचवर्क की गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और मुख्य विकास अधिकारी ने सोमवार देर रात 11:30 बजे विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। एसडीएम सदर भी टीम के साथ रहे। निरीक्षण में बजरिया थाने के सामने नाला रोड पर पैचवर्क की फिनिशिंग में कमी मिली। इस पर अधिकारियों ने संबंधित अभियंता को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।

बजरिया थाने के सामने नगर निगम की ओर से जोन-4 में करीब 450 मीटर लंबी सड़क पर 18 लाख रुपये की लागत से पैचवर्क कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सड़क का समतलीकरण ठीक नहीं मिला। पैच के जोड़ की फिनिशिंग में भी कमी दिखाई दी। इस पर जिलाधिकारी और नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार से काम दुरुस्त कराने को कहा। ठेकेदार ने उसी रात खामियां दूर करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद अधिकारियों ने चुन्नीगंज चौराहे से राजीव पेट्रोल पंप तक लोक निर्माण विभाग के सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया। करीब 1.7 किलोमीटर लंबे इस कार्य पर 101.44 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने काम जल्द पूरा करने और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग को जल्द आवागमन के लिए सुचारु करने को कहा।
दो नवंबर तक रास्ता साफ करने का दावा
स्वरूप नगर में मुख्यमंत्री ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था से प्रगति और समयसीमा की जानकारी ली। संस्था ने दो नवंबर तक मार्ग के एक ओर का काम पूरा कर रास्ता साफ करने का आश्वासन दिया। वहीं, चार में से तीन कार्य नवंबर तक पूरे करने की बात कही गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। सभी विभागों को तय समयसीमा में काम पूरा करने और आम लोगों को आवागमन में राहत देने के निर्देश दिए गए।

