मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ · खबरें, आपके शहर कीTuesday, 27 October 2026
होम›कानपुर›Kanpur : 45 मिनट की प्रस्तुति का करार, 12 मिनट में लौटीं अंजलि अरोड़ा! कोर्ट पहुंचा मामला
कानपुर

Kanpur : 45 मिनट की प्रस्तुति का करार, 12 मिनट में लौटीं अंजलि अरोड़ा! कोर्ट पहुंचा मामला

Akash Chaudhary

‘नगाड़ा नाइट्स’ कार्यक्रम के आयोजक ने लगाया धोखाधड़ी, मानहानि और धमकी का आरोप, 20 लाख रुपये के नुकसान का दावा

Kanpur । सोशल मीडिया पर ‘कच्चा बादाम’ से लोकप्रिय हुईं अंजलि अरोड़ा को लेकर कानपुर में एक नया विवाद सामने आया है। शहर के लाजपत भवन लॉन में आयोजित ‘नगाड़ा नाइट्स’ कार्यक्रम को लेकर आयोजक ने उनके खिलाफ अदालत में परिवाद दाखिल किया है। आयोजक ने धोखाधड़ी, मानहानि, धमकी देने और झूठी जानकारी प्रस्तुत करने जैसे आरोप लगाए हैं। अदालत ने परिवादी के बयान दर्ज कराने के लिए पांच नवंबर की तारीख तय की है।

मामला 15 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम से जुड़ा है। आयोजक का आरोप है कि अंजलि अरोड़ा के साथ 45 मिनट की नृत्य प्रस्तुति देने का समझौता हुआ था। इसके लिए कार्यक्रम की तैयारियां की गई थीं और दर्शकों को भी प्रस्तुति से काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, आयोजक के मुताबिक, मंच पर पहुंचने के बाद अंजलि करीब 12 मिनट में ही कार्यक्रम अधूरा छोड़कर चली गईं। इससे आयोजन की व्यवस्था प्रभावित हुई और आयोजक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

20 लाख के नुकसान का दावा
आयोजक का कहना है कि प्रस्तुति अधूरी छोड़कर चले जाने के कारण कार्यक्रम में अव्यवस्था फैल गई। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि उनकी प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ा। आयोजक ने करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का दावा करते हुए अदालत से कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिवाद में अन्य गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं, जिनकी पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होनी है।

पांच नवंबर पर टिकी निगाहें
अदालत ने परिवादी के बयान दर्ज कराने के लिए पांच नवंबर की तारीख निर्धारित की है। बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल, ये आरोप परिवादी की ओर से लगाए गए हैं। मामले में अंजलि अरोड़ा का पक्ष सामने आना बाकी है। अदालत में परिवाद दाखिल होने के बाद अब सबकी निगाहें अगली सुनवाई पर टिकी हैं।