Kanpur । 70वीं प्रदेश स्तरीय विद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता में तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में कानपुर मंडल के साथ सैफई, वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ की टीम ने जीत दर्ज की।
बुधवार को डीएवी मैदान फूलबाग में खेले गए अंडर-19 वर्ग के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए कानपुर मंडल की टीम ने 15 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए।
बल्लेबाज अर्चित ने 42 और तुषार ने 37 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद पिच पर आए राहुल ने 18 और वंश ने 11 रन बनाए। अयोध्या की ओर से गेंदबाजी में आदित्य व रवि ने एक-एक विकेट चटकाया। जवाब में उतरी अयोध्या की टीम 48 रन ही बना सकी और कानपुर मंडल की टीम ने शानदार जीत हासिल की। प्रतियोगिता में खेले गए अंडर-14 वर्ग के मुकाबलों में सैफई की टीम ने 10 विकेट से प्रयागराज को करारी शिकस्त दी।
कानपुर की टीम ने झांसी को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से पराजित किया। वाराणसी ने मेरठ को 26 रन से और गोरखपुर ने अयोध्या को 74 रन से हराया। अंडर-17 वर्ग में वाराणसी ने 84 रन से झांसी को, लखनऊ ने दो विकेट से मीरजापुर को, गोरखपुर ने पांच विकेट से अलीगढ़ को पराजित किया। अंडर-19 वर्ग में लखनऊ ने 10 रन से आजमगढ़ को, सैफई ने लखनऊ को 40 रन से शिकस्त दी।

