Kanpur । बिधनू थाना क्षेत्र के कठारा गांव में शुक्रवार सुबह जर्जर मकान की छत गिरने से एक वृद्ध किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक मवेशी भी मलबे में दबकर मर गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
कठारा गांव निवासी 65 वर्षीय किसान श्रवण कुमार चंदेल शुक्रवार सुबह घर के आंगन में सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य मकान के पीछे वाले हिस्से में थे। सुबह करीब पांच बजे अचानक जर्जर छत भरभराकर गिर गई और श्रवण कुमार मलबे में दब गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर पत्नी मुन्नी देवी, पुत्र और बहू बाहर पहुंचे तो उनका शव मलबे में दबा मिला।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मलबा हटाकर श्रवण कुमार को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे में घर में बंधा एक मवेशी भी दब गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक मकान काफी पुराना और जर्जर था। लगातार कमजोर हो रही छत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।


