आराध्या रहीं सबसे सफल निशानेबाज, कई खिलाड़ियों ने प्री-नेशनल के लिए किया क्वालीफाई
Kanpur । नई दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 20 से 30 जून तक आयोजित 49वीं उत्तर प्रदेश स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप हुई। इसमें कानपुर की विजन एंड रिफ्लेक्शन हाई परफॉर्मेंस शूटिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने 18 पदक अपने नाम किए। एकेडमी के निशानेबाजों ने 5 स्वर्ण, 9 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में कानपुर का परचम लहराया।
महिला पिस्टल वर्ग में आराध्या प्रतियोगिता की सबसे सफल खिलाड़ियों में रहीं, उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल सब-यूथ व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण, 10 मीटर एयर पिस्टल सीनियर वर्ग में कांस्य और 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में शिवांगी पांडे और आर्ची गुप्ता के साथ रजत पदक हासिल किया। पैरा निशानेबाज दीपक कुमार कनौजिया ने एक स्वर्ण और तीन रजत सहित कुल चार पदक जीते। उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (एसएच-1) में स्वर्ण, जबकि 50 मीटर राइफल प्रोन, 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग और 10 मीटर एयर राइफल प्रोन (एसएच-1) स्पर्धाओं में रजत पदक जीते।
पुरुष टीम स्पर्धा में मोहन मुरारी, अक्षय प्रताप सिंह और हर्षित की तिकड़ी ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया और 50 मीटर प्री पिस्टल स्पर्धा में शुभम दीक्षित और मोहन मुरारी और अच्छे प्रताप सिंह ने रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
सब-यूथ महिला टीम वर्ग में आराध्या, अनन्या सिंह और जलधिजा राठौर ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता के समापन पर केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम सिंह यादव ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और प्री-नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने पर शुभकामनाएं दीं।
एकेडमी के सचिव व मुख्य कोच मयंक खाड़े ने बताया कि प्रतियोगिता में एकेडमी के कई खिलाड़ियों ने प्री-नेशनल के लिए क्वालीफाई किया। इनमें महिला वर्ग में अल्तसा, वैष्णवी, तारा कुमारी और निशी शुक्ला, जबकि पुरुष वर्ग में मोहम्मद इमाद, त्रिकेय सत्यार्थी, प्रभास सत्यार्थी, देवांशु प्रजापति, रुद्रांश बाजपेयी, दीपक कुमार कनौजिया ने सफलता प्राप्त की है।
एकेडमी की समन्वयक संध्या देवी और डॉ. देवेंद्र कुमार सिंह एवं अंतरराष्ट्रीय पैरा शूटिंग कोच मोहम्मद उमर ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।


