मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंTuesday, 17 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur: खुले नाले में समा गई हलवाई की जिंदगी, 20 मिनट तक नहीं मिली मदद
कानपुर

Kanpur: खुले नाले में समा गई हलवाई की जिंदगी, 20 मिनट तक नहीं मिली मदद

Akash Chaudharyअपडेट: November 17, 2026

पत्नी-बेटी घर लौटीं तो नाले में औंधे मुंह पड़े मिले हरिशंकर, बाहर निकाला तो थम चुकी थीं सांसें

 

Kanpur । घर के बाहर बैठकर आराम कर रहे हलवाई को शायद अंदाजा भी नहीं था कि अगले कुछ पल उसकी जिंदगी के आखिरी पल साबित होंगे। अचानक गश खाकर वह नगर निगम के खुले कनेक्टिंग नाले में जा गिरा। आरोप है कि करीब 20 मिनट तक वह नाले में औंधे मुंह पड़ा रहा, लेकिन किसी ने उसे बाहर निकालने की जहमत नहीं उठाई। घर लौटी पत्नी और बेटी ने जब उसे नाले में पड़ा देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पत्नी ने किसी तरह बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

घर के बाहर बैठे थे, अचानक नाले में जा गिरे
चकेरी के श्यामनगर स्थित सहदुल्लापुर निवासी हरिशंकर बाजपेई (45) हलवाई का काम करते थे। परिवार में पत्नी नीलम बाजपेई और 12वीं में पढ़ने वाली बेटी परी है। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे हरिशंकर घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वह गश खाकर पास में बने नगर निगम के खुले कनेक्टिंग नाले में गिर गए। नाले में गिरने के बाद वह औंधे मुंह पड़े रहे।

 

घर लौटी पत्नी-बेटी तो नाले में पड़े मिले हरिशंकर
कुछ देर बाद पत्नी नीलम और बेटी परी घर लौटीं तो हरिशंकर को नाले में पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। पत्नी ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें कांशीराम अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर सुनते ही नीलम बदहवास हो गईं। बेटी परी का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

20 मिनट तक पड़े रहे, किसी ने नहीं बढ़ाया मदद का हाथ
परिजनों का आरोप है कि हरिशंकर करीब 20 मिनट तक नाले में पड़े रहे, लेकिन मोहल्ले के किसी व्यक्ति ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास नहीं किया। उनका कहना है कि यदि समय रहते किसी ने मदद की होती तो शायद हरिशंकर की जान बच सकती थी। परिजनों ने सवाल उठाया कि आबादी के बीच खुला नाला लोगों की जान के लिए खतरा बना हुआ है, इसके बावजूद उसे ढकने या सुरक्षित करने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

खुले नाले को लेकर नगर निगम पर सवाल
हादसे के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने खुले नाले को हादसे की बड़ी वजह बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नाले को सुरक्षित किया गया होता तो ऐसी घटना नहीं होती। कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।