अहिरवां के संजीव नगर में मिला शव, आधार कार्ड से हुई पहचान; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
Kanpur । चकेरी के अहिरवां स्थित संजीव नगर में मंगलवार शाम हाईवे किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क किनारे बेसुध पड़े युवक को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासी मनीष कश्यप के मुताबिक, मंगलवार शाम हाईवे किनारे एक युवक बेसुध हालत में पड़ा दिखाई दिया। काफी देर तक उसके शरीर में कोई हलचल नहीं होने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद 112 नंबर पर सूचना दी गई। पुलिस युवक को अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस को युवक के पास से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान फतेहपुर के मलवां निवासी राजकुमार (30) के रूप में हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक सटरिंग का काम करता था। हालांकि, वह हाईवे किनारे किस परिस्थिति में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

