मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंTuesday, 17 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : नौ दिन से लापता युवक का कुएं में मिला शव, परिवार में कोहराम
कानपुर

Kanpur : नौ दिन से लापता युवक का कुएं में मिला शव, परिवार में कोहराम

Akash Chaudharyअपडेट: November 17, 2026

मेडिकल स्टोर की किरायेदारी के विवाद में हत्या की आशंका, शव रखकर प्रयागराज हाईवे पर लगाया जाम

 

 

Kanpur । नौ दिन से लापता युवक का शव महाराजपुर के रूमा स्थित पुराने कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चकेरी मोड़ निवासी हर्षित यादव उर्फ छोटू (32) के रूप में हुई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। मंगलवार शाम शव घर पहुंचते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने शव प्रयागराज हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर किसी तरह जाम खुलवाया।

महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा में रविवार शाम पुराने कुएं में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। सोमवार को सोशल मीडिया पर शव मिलने की सूचना देखकर चकेरी मोड़ निवासी रामशरण यादव के परिजन मौके पर पहुंचे। कपड़ों और चाबी के गुच्छे से उन्होंने शव की पहचान हर्षित के रूप में की। हर्षित वाहनों में माल लोडिंग करवाने का ठेका लेता था। परिवार में पत्नी अनीता देवी और दो बेटे राघव व गौरव हैं। पिता रामशरण ने उसके लापता होने की रिपोर्ट चकेरी थाने में दर्ज कराई थी।

मेडिकल स्टोर की किरायेदारी का विवाद भी जांच के घेरे में
मृतक की बहन अंजलि और शीनू ने बताया कि उनके मकान में मेडिकल स्टोर संचालित है। दुकान किराये पर दी गई थी, लेकिन अगस्त में किरायेदारी का अनुबंध समाप्त होने के बावजूद दुकानदार ने दुकान खाली नहीं की। इसको लेकर करीब एक महीने से विवाद चल रहा था।

परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले के एक व्यक्ति ने हर्षित को शराब पिलाई थी, जिसके बाद से वह लापता हो गया। परिजनों ने इसी विवाद को हत्या की आशंका से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।