Kanpur । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 की मुख्य वार्षिक परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। परीक्षाओं को लेकर विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर गुरुवार को दिनभर हलचल बनी रही और छात्र-छात्राएं अपनी परीक्षा तिथियों की जानकारी जुटाते नजर आए।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार स्नातक तृतीय वर्ष और परास्नातक द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित कराई जाएंगी। परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी जारी किया जा चुका है, जिससे छात्र अपनी विषयवार तिथियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक बीए तृतीय वर्ष की परीक्षाएं आठ मई से 26 मई तक चलेंगी, जबकि बीएससी तृतीय वर्ष की परीक्षाएं आठ मई से 15 मई तक आयोजित होंगी। परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सभी संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही छात्रों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और प्रवेश पत्र साथ लाने की अपील की गई है, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।


