Kanpur । प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति और पोर्टल संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आरईसी की टीम और यूपी नेडा में इंपैनल्ड वेंडर्स ने पोर्टल, स्थापना, बैंक और डिस्कॉम से जुड़ी समस्याओं को उठाया।
मुख्य विकास अधिकारी ने मीटर प्रदाता कंपनी को मीटर लगाने वाली टीम बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी 20 दिनों में सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। अधिशाषी अभियंता एवं नोडल सोलर को केस्को स्तर पर सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में परियोजना अधिकारी यूपी नेडा को वेंडरवार समीक्षा कर अधिक लंबित मामलों वाले वेंडर्स को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को जनपद की प्रगति सुनिश्चित करने और मानकों के अनुरूप कार्य कराने पर जोर देने को कहा गया।
बैठक में आरईसी लखनऊ से मुख्य प्रबंधक अनिल यादव, तकनीकी अधिकारी आयुष गर्ग, तकनीकी अधिकारी मो. शादाब, जिला अग्रणी प्रबंधक, अधिशाषी अभियंता केस्को एवं नोडल अधिकारी सोलर सतपाल सिंह, परियोजना अधिकारी नेडा तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


