Kanpur । समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्ध जनों के सम्मान के लिए भाजपा ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। इसी क्रम में गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने शहर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रदीप सहगल और सेवानिवृत्त न्यायाधीश जगमोहन सिंह के आवास पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान दोनों के सामाजिक और पेशेवर योगदान की सराहना की गई।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि किसी भी समाज की असली शक्ति उसके प्रबुद्ध और अनुभवी लोग होते हैं। चिकित्सा, शिक्षा, न्यायपालिका और अन्य क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोग अपने ज्ञान और अनुभव से समाज को दिशा देने का काम करते हैं। ऐसे व्यक्तित्वों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके योगदान के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रदीप सहगल को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि डॉ. सहगल ने वर्षों से चिकित्सा सेवा के माध्यम से हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। उनकी सेवाएं शहर के लिए प्रेरणादायी हैं। वहीं, सेवानिवृत्त न्यायाधीश जगमोहन सिंह को पटका और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
विधायक ने न्यायपालिका में उनकी निष्पक्ष सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।इस अवसर पर विधायक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर विकास की यात्रा आगे बढ़ रही है। प्रबुद्ध जनों का मार्गदर्शन देश और समाज के लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहा है।डॉ. प्रदीप सहगल ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के बीच रहकर सेवा करना ही सबसे बड़ा पुरस्कार है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अजय राय, अरुण शर्मा, दीपक राजपूत, मोहन विश्वकर्मा सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मान समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


