मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ · खबरें, आपके शहर कीWednesday, 28 October 2026
होम›खेल›अस्पायरिस यूसीएल की शानदार जीत, रेंजर्स 154 पर ढेर — मोहम्मद आरिफ और फैज़ अली की दमदार पारियों ने दिलाई सफलता
खेल

अस्पायरिस यूसीएल की शानदार जीत, रेंजर्स 154 पर ढेर — मोहम्मद आरिफ और फैज़ अली की दमदार पारियों ने दिलाई सफलता

Akash Chaudhary

Kanpur । यूनाइटेड चैंपियंस लीग (यूसीएल) के लीग मुकाबले में शनिवार को खेले गए एक रोमांचक मैच में अस्पायरिस यूसीएल टीम ने रेंजर्स यूसीएल को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए रेंजर्स यूसीएल की टीम 26.5 ओवर में 154 रनों पर सिमट गई। जवाब में अस्पायरिस यूसीएल ने फैज़ अली और मोहम्मद आरिफ की तूफानी पारियों की बदौलत 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

ग्रीनपार्क मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में रेंजर्स यूसीएल की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन मध्यक्रम के लड़खड़ाने से टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। टीम की ओर से नीरज तिवारी ने तेज 26 रन (19 गेंद, 6 चौके) बनाए, जबकि सचिन ने 35 गेंदों पर 29 रन का योगदान दिया।

मोहम्मद बरकात (आसिफ) ने भी 11 गेंदों पर 16 रनों की तेज पारी खेलकर स्कोर को 75 तक पहुंचाया। हालांकि इसके बाद टीम की पारी बिखर गई। कप्तान मोहित चोपड़ा (16), अमित(16) और ब्रजेश राय (10) के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका। पूरी टीम 154 रनों पर ढेर हो गई।

अस्पायरिस की ओर से गेंदबाजों ने सटीक प्रदर्शन किया। चेतन सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4.5 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। मोहम्मद आरिफ ने 6 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं साहिल तुतेजा को दो सफलता मिली। ज़मील अहमद और आशीष बाजपेयी को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अस्पायरिस यूसीएल की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। शुरुआती झटकों से टीम 39 रन पर चार विकेट गंवा बैठी। लेकिन इसके बाद फैज़ अली और मोहम्मद आरिफ ने मिलकर पारी को संभाला और मैच को एकतरफा बना दिया।

फैज़ अली ने मात्र 29 गेंदों में 47 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं मोहम्मद आरिफ ने नाबाद 61 रन बनाए और टीम को जीत की मंज़िल तक पहुंचाया।
कप्तान शाहेन्शाह आलम ने पारी की शुरुआत में आक्रामक अंदाज़ दिखाया, जबकि कमरान अली ने 13 रन की तेज पारी खेली। रोहितास सिंह ने रेंजर्स की ओर से शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट झटके। उनके अलावा प्रतीक गुप्ता और जे.डी. यादव को एक-एक विकेट मिला।

अस्पायरिस यूसीएल ने 19 ओवर में 5 विकेट खोकर 155 रन बनाकर जीत दर्ज की। फैज़ अली और मोहम्मद आरिफ के बीच मध्यक्रम में हुई 60 रनों की साझेदारी निर्णायक साबित हुई।मैच में मोहम्मद आरिफ को उनकी हरफनमौला गेंदबाजी और नाबाद अर्धशतक के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *