मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ · खबरें, आपके शहर कीTuesday, 27 October 2026
होम›कानपुर›Kanpur : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 188 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ
कानपुर

Kanpur : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 188 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

Akash Chaudhary

 

 

 

शिवराजपुर के राम सहाय इंटर कॉलेज में धूमधाम से संपन्न हुआ विवाह समारोह, गृहस्थी बसाने को हर जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च करने का प्रावधान

कानपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मंगलवार को शिवराजपुर के बैरी स्थित राम सहाय इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में 188 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। विभिन्न वर्गों के गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सामाजिक और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

 

#kanpur

विवाह समारोह में अनुसूचित जाति के 135, अन्य पिछड़ा वर्ग के 38, सामान्य वर्ग के दो और अल्पसंख्यक वर्ग के 13 जोड़े शामिल रहे। विकासखंड बिल्हौर में 59, ककवन में 47 और चौबेपुर में 39 जोड़ों का विवाह कराया गया। वहीं, शिवराजपुर नगर पालिका क्षेत्र में तीन और मुख्य कार्यक्रम स्थल पर 37 जोड़ों ने विवाह किया।

 

#kanpur

 

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख बिल्हौर मनोरमा कठेरिया, शिवराजपुर के ब्लॉक प्रमुख शुभम बाजपेयी, चौबेपुर के ब्लॉक प्रमुख राजेश शुक्ला, परियोजना निदेशक आलोक कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी आत्मा प्रकाश स्तोगी, एसडीएम बिल्हौर मनीष कुमार यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

एक जोड़े पर एक लाख रुपये का प्रावधान
योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें गृहस्थी की शुरुआत के लिए 64 हजार रुपये कन्या के खाते में ऑनलाइन दिए जाते हैं। इसके अलावा 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री दी जाती है।

भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल और बिजली सहित अन्य व्यवस्थाओं पर प्रति जोड़ा 15 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं।
प्रशासन के अनुसार, समारोह के दौरान किसी भी व्यक्ति ने शिकायत दर्ज नहीं कराई। सभी 188 जोड़ों का विवाह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ