मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ · खबरें, आपके शहर कीTuesday, 27 October 2026
होम›कानपुर›Kanpur : चक्रवाती तूफान के असर की आशंका, कानपुर में अलर्ट
कानपुर

Kanpur : चक्रवाती तूफान के असर की आशंका, कानपुर में अलर्ट

Akash Chaudharyअपडेट: October 27, 2026

28 से 31 अक्टूबर तक भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी; किसानों से फसल बचाने की अपील

Kanpur। बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने कानपुर में सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 से 31 अक्टूबर के बीच भारी बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए आम लोगों, किसानों, पशुपालकों और शिक्षण संस्थानों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

प्रशासन ने लोगों को आंधी और बारिश के दौरान पक्के भवनों में रहने तथा पेड़ों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, जर्जर दीवारों और होर्डिंग से दूर रहने की सलाह दी है। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, खेत और छतों पर जाने से बचने को कहा गया है। जलभराव वाले रास्तों और तेज बहाव वाले स्थानों से गुजरने में भी सावधानी बरतने की अपील की गई है।

किसानों को कटी फसल, अनाज और कृषि उपकरण सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा उपज को तिरपाल से ढकने की सलाह दी गई है। खराब मौसम में कीटनाशकों और उर्वरकों का छिड़काव नहीं करने को कहा गया है। पशुपालकों को पशुओं को खुले मैदानों और कमजोर छप्परों में नहीं बांधने तथा उनके लिए सुरक्षित स्थान, चारा और पानी उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने जर्जर भवनों और कमजोर दीवारों की पहचान कर जरूरी सुरक्षा उपाय करने को कहा है। आपदा मित्रों, होमगार्ड और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों को भी सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. चतुर्वेदी ने लोगों से अफवाहों से बचने और आपात स्थिति में डायल-112 या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।