घाटमपुर थाने के सीसीटीएनएस कक्ष में ड्यूटी के दौरान उठाया कदम, साथी पुलिसकर्मियों में मची अफरा-तफरी
Kanpur। घाटमपुर थाने में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां तैनात एक महिला कांस्टेबल ने पति से फोन पर हुए विवाद के बाद आवेश में आकर चूड़ी पीसकर निगल ली। तबीयत बिगड़ने पर साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए कानपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार महिला कांस्टेबल प्रियंका घाटमपुर थाने के सीसीटीएनएस कक्ष में ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर पति का फोन आया।
बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर प्रियंका ने आवेश में आकर कथित रूप से चूड़ी पीसकर खा ली। कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।
महिला कांस्टेबल की हालत खराब होते देख थाने में अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें सीएचसी घाटमपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पेट में कांच के अंश होने की आशंका और बेहतर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया।
घाटमपुर थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आई है। महिला कांस्टेबल का उपचार चल रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


