एक असली के बदले तीन जाली नोट देकर बनाते थे ग्राहक, 2.04 लाख की नकली करेंसी बरामद
Kanpur । शहर में ठिकाना बदल-बदलकर नकली नोट तैयार करने वाले गिरोह का रेलबाजार पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने रामलीला मैदान के पास से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2 लाख 4 हजार 650 रुपये की नकली करेंसी बरामद हुई है। पुलिस को आरोपितों के पास से प्रिंटर, विशेष कागज, कटर, कैंची और स्याही समेत नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी जाली करेंसी तैयार की और उसे कहां-कहां खपाया।

पकड़े गए आरोपितों की पहचान सोमिल गुप्ता, रोशन अली और शेर सिंह के रूप में हुई है। एडीसीपी क्राइम सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से इनके बारे में जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों के काम करने का तरीका सामने आया।
ट्रेनों में चोरी से शुरू किया था अपराध
पुलिस के मुताबिक तीनों पहले ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करते थे। चोरी के बाद अलग-अलग शहरों में रेलवे स्टेशन के आसपास बने रैन बसेरों में ठहरते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात नकली नोट छापने वाले एक व्यक्ति से हुई। उसने तीनों को जाली करेंसी तैयार करने का तरीका सिखाया। इसके बाद उन्होंने प्रिंटर और विशेष कागज खरीदा और खुद नकली नोट तैयार करने लगे

एक असली नोट लेकर थमाते थे तीन नकली
आरोपित गरीब और भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। पुलिस के अनुसार एक असली नोट के बदले तीन नकली नोट देने का लालच दिया जाता था। सौदा होने के बाद आरोपित दोबारा उसी ग्राहक के संपर्क में नहीं आते थे। इसके बाद अपना ठिकाना बदलकर दूसरे शहर चले जाते थे। रेलवे स्टेशन के आसपास रैन बसेरा तलाशकर वहीं कुछ समय रुकते और नकली नोट तैयार करते थे।कानपुर में भी तीनों रैन बसेरे में ठहरकर नकली नोट छापने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस को इसकी भनक लग गई। टीम ने रामलीला मैदान के पास घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
100 रुपये के 1991 नकली नोट बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपितों के पास से 100 रुपये के 1991 नोट, 50 रुपये के 71 नए-पुराने नोट और 500 रुपये के चार नकली नोट मिले हैं। इसके अलावा एक प्रिंटर, कैंची, दो पेपर कटर, स्केल, पांच स्याही की बोतलें, विशेष कागज, कपड़े, ट्रॉली बैग और अन्य सामान बरामद हुआ है।
सहारनपुर कनेक्शन की भी पड़ताल
अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा ने बताया कि तीनों से पूछताछ की जा रही है। उनसे यह जानकारी जुटाई जा रही है कि अब तक कितनी नकली करेंसी छापी और किन-किन शहरों में उसे खपाया गया। पुलिस सहारनपुर में सामने आए नकली नोट प्रकरण से भी संभावित संबंध की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की उम्मीद है।


