Wednesday, May 6, 2026
HomeकानपुरKanpur : दलहन क्रॉसिंग पर तेज रफ्तार ऑटो का कहर, रेलवे गेट...

Kanpur : दलहन क्रॉसिंग पर तेज रफ्तार ऑटो का कहर, रेलवे गेट तोड़ा; डेढ़ किमी लंबा जाम

कल्याणपुर में जल्दबाजी बनी हादसे की वजह, सीसीटीवी फुटेज से फरार चालक की तलाश

Kanpur । शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित दलहन रेलवे क्रॉसिंग पर बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ऑटो ने रेलवे गेट के बैरियर में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। घटना के बाद सड़क और रेल यातायात दोनों प्रभावित हो गए और मौके पर अफरातफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन आने की सूचना पर रेलवे कर्मचारी गेट बंद कर रहे थे, तभी जल्दबाजी में निकलने के प्रयास में ऑटो चालक सीधे लोहे के बैरियर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि बैरियर का एक हिस्सा मुड़कर लटक गया।

घटना के बाद क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया। पनकी रोड और कल्याणपुर की ओर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। स्कूल बसें, एम्बुलेंस और सैकड़ों दोपहिया वाहन घंटों फंसे रहे, जिससे लोगों को चिलचिलाती धूप में भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस और रेलवे के तकनीकी अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया, जबकि रेलवे टीम ने गेट की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है, ताकि रेल संचालन प्रभावित न हो।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...
error: Content is protected !!