लाइन क्षमता बढ़ाने के काम के चलते रेल संचालन प्रभावित, यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं
Kanpur । रेलवे द्वारा लाइन क्षमता बढ़ाने और परिचालन को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे तकनीकी कार्यों का असर अब रेल यात्रियों पर साफ दिखाई देने लगा है। कानपुर रूट से गुजरने वाली 8 प्रमुख ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों पर निरस्त कर दिया गया है, जबकि करीब 30 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव (रूट डायवर्जन) किया गया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से भी रद्द किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कार्य भविष्य में ट्रेनों के संचालन को अधिक सुचारू और तेज बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल इसका सीधा असर यात्रियों की सुविधा पर पड़ा है। पहले से ही टिकट न मिलने की समस्या से जूझ रहे यात्रियों के लिए यह स्थिति और कठिन हो गई है।
रेलवे जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय के मुताबिक कई प्रमुख ट्रेनों को निर्धारित तिथियों पर पूरी तरह निरस्त किया गया है। इनमें 22921 बांद्रा टर्मिनल–बलरामपुर (5 मई), 22922 बलरामपुर–बांद्रा टर्मिनल (7 मई), 15133 छपरा–आनंद विहार टर्मिनल (6 मई), 15134 आनंद विहार टर्मिनल–छपरा (8 मई), 22199 ग्वालियर–बलरामपुर (8 मई), 22200 बलरामपुर–ग्वालियर (9 मई), 15029 गोरखपुर–पुणे (9 मई) और 15030 पुणे–गोरखपुर (11 मई) शामिल हैं।
इसके अलावा 11055 लोकमान्य तिलक टर्मिनल–गोंडा ट्रेन 16 जून से 7 जुलाई तक गोरखपुर–गोंडा के बीच निरस्त रहेगी, जबकि 11056 गोंडा–लोकमान्य तिलक टर्मिनल 19 जून से 10 जुलाई तक गोंडा–गोरखपुर सेक्शन में रद्द रहेगी।
सेंट्रल स्टेशन के निदेशक हिमांशु कुमार ने बताया कि जिन ट्रेनों का संचालन रोका गया है, वे सभी कानपुर रूट से प्रभावित हैं। इस बदलाव से रिजर्वेशन कराने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।


