Monday, April 20, 2026
HomeकानपुरKanpur :  150 सीसीटीवी से खुली मंदिर चोरी की गुत्थी, कासगंज का...

Kanpur :  150 सीसीटीवी से खुली मंदिर चोरी की गुत्थी, कासगंज का आरोपी पत्नी व सर्राफ संग गिरफ्तार

सिद्धिविनायक मंदिर से चुराए सात चांदी के मुकुट, गलाकर बनाए बिस्किट पुलिस ने किए बरामद

Kanpur । घंटाघर स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में हुई चांदी के मुकुट चोरी की घटना का हरबंशमोहाल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद मुख्य आरोपी माजिद अंसारी को उसकी पत्नी और मुकुट खरीदने वाले सर्राफ के साथ गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 11 अप्रैल को मंदिर की सात मूर्तियों से चांदी के मुकुट चोरी हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मंदिर और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध स्कूटी सवार नजर आया, जो हेलमेट पहने हुए था। इसी आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

लगातार फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को स्कूटी का नंबर मिला, जिससे आरोपी की पहचान कासगंज जिले के नगला गांव, थाना पटियाली निवासी माजिद अंसारी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने पहले घटना से इनकार किया, लेकिन जब उसे CCTV फुटेज दिखाए गए तो वह टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली।

पूछताछ में माजिद ने बताया कि वह अपनी पत्नी अंजुल परवीन और बच्चे के साथ स्कूटी से झारखंड जा रहा था। रास्ते में उसका एक्सीडेंट हो गया, जिससे स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और उसके पास इलाज व मरम्मत के लिए पैसे नहीं बचे। इसी कारण वह घंटाघर पहुंचा और मौका देखकर मंदिर को निशाना बना लिया।

उसने एक-एक कर सातों मुकुट चोरी किए और वहां से फरार हो गया। बाद में वह मुकुटों को कासगंज ले गया, जहां उसने उन्हें सर्राफ जावेद अहमद को बेच दिया। सर्राफ ने चांदी को गलाकर बिस्किट के रूप में बदल दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पत्नी को चोरी की जानकारी थी और उसने मुकुट बेचने में भी सहयोग किया। इस आधार पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...
error: Content is protected !!