17 क्रॉसिंग से मिलेगा जाम से छुटकारा, दालहन अनुसंधान के पास बनेगा हाईटेक स्टेशन, मेट्रो से भी होगा सीधा कनेक्शन
Kanpur । कानपुर की जीवनरेखा माने जाने वाले जी.टी. रोड और रेल यातायात को जाम से मुक्त करने के लिए रेलवे ने एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया है। अनवरगंज से मंधना के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना को मंजूरी मिलने के साथ ही 146 साल पुराने रावतपुर और कल्याणपुर रेलवे स्टेशन अब इतिहास बनने जा रहे हैं।
1880 में ब्रिटिश काल में स्थापित ये दोनों स्टेशन अब बंद कर दिए जाएंगे। इनके स्थान पर भारतीय दालहन अनुसंधान संस्थान की जमीन पर एक आधुनिक और हाईटेक रेलवे स्टेशन बनाया जाएगा, जिसे भविष्य में मेट्रो से भी जोड़ा जाएगा, ताकि यात्रियों को एकीकृत परिवहन सुविधा मिल सके।
इस परियोजना के पूरा होने पर अनवरगंज–मंधना सेक्शन की 17 रेलवे क्रॉसिंग खत्म हो जाएंगी, जिससे शहर को रोजाना लगने वाले भारी जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अनुमान है कि इससे लाखों यात्रियों को प्रतिदिन ट्रैफिक की परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
निर्माण कार्य के दौरान रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार की है। पैसेंजर ट्रेनों को मंधना तक सीमित किया जाएगा, जबकि कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदलकर शिकोहाबाद–टूंडला होकर कानपुर सेंट्रल लाया जाएगा। मालगाड़ियों के संचालन में भी आवश्यकतानुसार बदलाव किया जाएगा।
एलिवेटेड ट्रैक बनने के बाद ट्रेनें शहर के ऊपर से बिना रुके गुजरेंगी और नीचे की सड़कों पर यातायात पूरी तरह निर्बाध हो जाएगा। इससे रावतपुर, कल्याणपुर और गुमटी जैसे व्यस्त इलाकों में वर्षों पुरानी जाम की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जताई जा रही है।


