चार लेन आरओबी के साथ जीटी रोड पर फोरलेन और घंटाघर रोड पर टू लेन फ्लाईओवर, दिसंबर तक यूटिलिटी शिफ्टिंग पूरी करने के निर्देश
Kanpur । जरीब चौकी चौराहे पर लगने वाले जाम से शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित करीब 320 करोड़ रुपये की परियोजना को गति देने की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने जरीब चौकी के निकट संपार संख्या-02 स्पेशल पर प्रस्तावित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर चल रहे सीवर लाइन शिफ्टिंग कार्य का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।

परियोजना के तहत रेलवे क्रॉसिंग पर चार लेन रेल ऊपरगामी सेतु बनाया जाना है। इसके साथ जीटी रोड पर चार लेन तथा घंटाघर रोड की ओर दो लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने के बाद जरीब चौकी चौराहे पर वाहनों का दबाव कम होने और यातायात व्यवस्था सुगम होने की उम्मीद है।
दिसंबर तक पूरा हो यूटिलिटी शिफ्टिंग
जिलाधिकारी ने जल निगम (नगरीय) समेत सभी संबंधित विभागों को दिसंबर के अंत तक यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय से काम करें और शिफ्टिंग के दौरान आने वाली किसी भी बाधा का तत्काल समाधान करें। अधिकारियों को कार्य की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यूटिलिटी शिफ्टिंग पूरी होने के बाद राज्य सेतु निगम को फ्लाईओवर और रेल ऊपरगामी सेतु के मुख्य निर्माण कार्य में तेजी लानी होगी। इसलिए संबंधित विभाग अपने हिस्से का काम समय से पूरा करें, जिससे परियोजना में अनावश्यक देरी न हो।
वर्तमान में कालपी रोड पर ममता साड़ी की दुकान से जरीब चौकी तक 591 मीटर लंबी सीवर पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसके अलावा जरीब चौकी से रामादेवी की ओर भाटिया मोटर्स तक 442 मीटर, घंटाघर की ओर वारसी फर्नीचर से जरीब चौकी तक 520 मीटर और जीटी रोड पर ट्रेंड्स शोरूम से जरीब चौकी तक 523 मीटर सीवर लाइन शिफ्ट की जानी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जरीब चौकी शहर के सर्वाधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में शामिल है। परियोजना पूरी होने से रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन आसान होगा।


