12 कार्यक्रमों के जरिये हर वर्ग तक पहुंचेगा संगठन, बूथ और शक्ति केंद्रों पर बढ़ेगा संपर्क
Kanpur। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के जरिये भाजपा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। 80 फीट रोड स्थित सम्राट गेस्ट हाउस में भाजपा कानपुर उत्तर की कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी ने कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा बताई।

जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में शंकर लाल लोधी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सेवा गतिविधियों तक सीमित नहीं है। सरकार और संगठन के समन्वय से समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाकर जनसंवाद को मजबूत किया जाएगा। बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यक्रमों के जरिये कार्यकर्ता जनता से सीधा संपर्क करेंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सरकार आपके द्वार’, मानव रंगोली और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज समेत 12 कार्यक्रम होंगे।
खास तौर पर लाभार्थियों की रील, नुक्कड़ नाटक और यात्राओं के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी। अभियान संयोजक प्रमोद विश्वकर्मा ने रूपरेखा रखी। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने प्रस्तावना प्रस्तुत की। संचालन शिवांग मिश्रा ने किया।इस दौरान एमएलसी सलिल बिश्नोई, पूनम कपूर, अवधेश सोनकर, अभिनव दीक्षित, अनुराग शर्मा समेत मंडल अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।


