जिलाधिकारी ने की योजनाओं की समीक्षा, कहा- कोई पात्र विद्यार्थी लाभ से वंचित न रहे
Kanpur । छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को अब ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सभी शिक्षण संस्थानों को 26 नवंबर तक दशमोत्तर छात्रवृत्ति के आवेदन सत्यापित कर अग्रसारित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संस्थानों की लापरवाही से कोई भी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में संस्थान आवेदन सत्यापन और अग्रसारण में किसी तरह की देरी न करें। आवेदन में कमी मिलने पर संबंधित विद्यार्थी को तत्काल जानकारी दें, ताकि समय रहते उसे ठीक कराया जा सके।

बैठक में दशमोत्तर छात्रवृत्ति (कक्षा 11 और 12 को छोड़कर) के आवेदनों की स्थिति पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को संस्थानों से लगातार संपर्क बनाए रखने और लंबित आवेदनों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, रामा विश्वविद्यालय, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पीएसआईटी, डीबीएस कॉलेज, जागरण कॉलेज, एसएन सेन महिला पीजी कॉलेज समेत कई शिक्षण संस्थानों में आवेदन अग्रसारण की स्थिति की समीक्षा की गई। प्यारे लाल महाविद्यालय, रूपरानी सुखनंदन सिंह डिग्री कॉलेज और नारायणा नर्सिंग कॉलेज के लंबित आवेदनों पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने कहा कि अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदन समय से अग्रसारित किए जाएं। अधिक आवेदन लंबित रखने वाले संस्थानों की नियमित निगरानी की जाए।बैठक में सीडीओ अभिनव जे. जैन, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र गौतम, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बीरपाल और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित सिंह समेत विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

