पैतृक गांव पंचूर में हुआ निधन, शनिवार को हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार; मां के अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड रवाना होंगे मुख्यमंत्री
Lucknow । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री के भाई ने उनके निधन की पुष्टि की है। सावित्री देवी के निधन की खबर से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। अधिक उम्र होने के कारण उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां रहती थीं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पंचूर स्थित आवास पर उनका निधन हो गया। वह अपने छोटे बेटे के साथ गांव में ही रहती थीं। उनके निधन से परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार को उनका पार्थिव शरीर हरिद्वार ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। मां के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तराखंड पहुंचने की जानकारी है। उनके आगमन को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।
मई 2024 में एम्स में हुई थीं भर्ती
सावित्री देवी की तबीयत मई 2024 में भी बिगड़ गई थी। उस समय उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। उन्हें जिरियाट्रिक वार्ड में रखा गया था। मां के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने एम्स पहुंचे थे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। उम्र संबंधी परेशानियों के चलते उनका उपचार चल रहा था।
पंचूर गांव में रहता है योगी का परिवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का परिवार मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव का रहने वाला है। उनका परिवार आज भी इसी गांव में रहता है। योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का वर्ष 2020 में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। पिता के निधन के करीब छह साल बाद अब मां सावित्री देवी के जाने से परिवार ने अपनी एक और बड़ी सदस्य को खो दिया है। गांव में भी शोक की स्थिति बनी हुई है।
धामी और मोहन यादव ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। धामी ने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता।

