जमीयत उलेमा ने जमा की जुर्माने की रकम, नई जिंदगी शुरू करने के लिए दी आर्थिक मदद
Kanpur । सजा पूरी होने के बाद भी जुर्माने की रकम जमा नहीं कर पाने के कारण जेल में बंद पांच बंदियों के लिए जमीयत उलेमा शहर कानपुर ने मदद का हाथ बढ़ाया। संगठन की ओर से पांचों बंदियों का बकाया जुर्माना जमा कराकर उन्हें जिला कारागार से रिहा कराया गया। जेल से बाहर आने पर सभी को आर्थिक सहायता भी दी गई, ताकि वे अपने परिवार के बीच लौटकर नए सिरे से जिंदगी शुरू कर सकें।
जमीयत उलेमा उत्तर प्रदेश के महासचिव मौलाना अमीनुल हक अब्दुल्लाह कासमी के प्रयासों से यह पहल की गई। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के मानवता की सेवा करना संगठन का मुख्य उद्देश्य है। पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब ने जरूरतमंदों और असहायों की मदद करने की शिक्षा दी है।
जमीयत उलेमा-ए-हिंद भी इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए समाज में भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का काम कर रही है।उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के चलते सजा पूरी होने के बाद भी किसी व्यक्ति का जेल में रहना दुखद है।
ऐसे लोगों की मदद करना सामाजिक जिम्मेदारी है। रिहा हुए बंदियों को सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत करने का अवसर मिलेगा।जिला कारागार के मुख्य द्वार पर जेल अधीक्षक राजेश कुमार पांडेय और जमीयत के पदाधिकारियों की मौजूदगी में पांचों बंदियों को विदा किया गया। इस दौरान उन्हें दैनिक जरूरतों के लिए नकद सहायता भी दी गई। कार्यक्रम में जुबैर अहमद फारूकी, मुफ्ती इजहार मुकर्रम कासमी, कारी अब्दुल मुईद चौधरी और मौलाना अंसार अहमद जामई मौजूद रहे।

