-सीएसजेएमयू, आईआईएमटी, चौधरी चरण सिंह और काशी विद्यापीठ की टीमें जनवरी में कानपुर में दिखाएंगी दमखम
-चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने आईआईएमटी मेरठ को 3-0 से दी शिकस्त, आज और कल होंगे स्थान निर्धारण के मुकाबले
Kanpur । छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू), कानपुर में आयोजित सेंट्रल जोन अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 में रोमांचक मुकाबलों के बीच चार विश्वविद्यालयों की टीमों ने अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालयीय पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। अखिल भारतीय प्रतियोगिता का आयोजन आगामी एक से सात जनवरी 2027 तक कानपुर में किया जाएगा। इसके लिए सीएसजेएमयू कानपुर, आईआईएमटी विश्वविद्यालय मेरठ, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी की टीमों ने अपनी जगह पक्की की है।
प्रतियोगिता के सातवें दिन विश्वविद्यालय परिसर और आईआईटी कानपुर ग्राउंड पर कई महत्वपूर्ण मुकाबले खेले गए। विश्वविद्यालय परिसर में हुए मैच में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ ने आईटीएम विश्वविद्यालय को 3-2 से हराकर जीत दर्ज की। वहीं महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी ने एलएनआईपी विश्वविद्यालय को कड़े मुकाबले में 1-0 से पराजित किया।
उधर, आईआईटी कानपुर ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में आईआईएमटी विश्वविद्यालय मेरठ ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को 4-0 से करारी शिकस्त दी। इसके बाद अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने वाली चारों टीमों के बीच स्थान निर्धारण के लिए लीग मुकाबले शुरू हुए। इसमें चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईआईएमटी विश्वविद्यालय मेरठ को 3-0 से पराजित किया।

