New delhi । कभी ‘चोकर्स’ कहलाने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अब आईपीएल की नई बादशाह बन चुकी है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 फाइनल में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इसी के साथ आरसीबी ने चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद आईपीएल ट्रॉफी डिफेंड करने वाली तीसरी टीम बनने का गौरव हासिल किया।

फाइनल में गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी आरसीबी के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। धीमी पिच पर गुजरात 20 ओवर में 155 रन ही बना सकी। रसिख सलाम ने तीन विकेट लेकर सबसे बड़ा झटका दिया, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट चटकाए। गुजरात की पारी में सिर्फ तीन छक्के लगे और पहला छक्का लगाने के लिए टीम को 13वें ओवर तक इंतजार करना पड़ा।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली ने चैंपियन अंदाज में संभाला। उन्होंने 75 रन की जिम्मेदार पारी खेलते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने गुजरात के गेंदबाजों की रणनीति बिगाड़ दी और आरसीबी ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
कप्तान रजत पाटीदार के नेतृत्व में आरसीबी ने लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतकर साबित कर दिया कि 2025 की सफलता कोई इत्तेफाक नहीं थी, बल्कि यह टीम अब आईपीएल में नई विरासत गढ़ रही है।


