Kanpur। शहर की पवानी अवस्थी ने हैदराबाद स्थित उस्मानिया विश्वविद्यालय में आयोजित सातवीं सीआईएससीई राष्ट्रीय बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर कानपुर का नाम रोशन किया। उन्होंने अंडर-19 बालिका वर्ग की तीन किलोमीटर रेस वॉक में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
पवानी ने तीन किलोमीटर की दूरी 17 मिनट 47.56 सेकंड में पूरी की। प्रतियोगिता में देशभर से करीब 900 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच पवानी ने अपनी गति, तकनीक और दमदार खेल प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पवानी की सफलता में उनके प्रशिक्षक अरविंद डोंडियाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और निरंतर सहयोग से पवानी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की।


