Mumbai । फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा और सुधीर मिश्रा एक ऐसी कहानी को पर्दे पर लाने की तैयारी कर रहे हैं, जो महात्मा गांधी के जीवन से जुड़े एक बेहद महत्वपूर्ण और कम चर्चित दौर पर आधारित है। इस फिल्म में नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी महात्मा गांधी की भूमिका निभा रहे हैं।
अब हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बन गई हैं, जहां वह गांधीजी की मां पुतलीबाई का किरदार निभाती नजर आएंगी। फिल्म की कहानी महात्मा गांधी के जीवन के उन 21 दिनों पर केंद्रित है, जिन्हें इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय के तौर पर देखा जाता है।
ऐसे में पुतलीबाई का किरदार कहानी में भावनात्मक स्तर पर खास महत्व रखता है। मेकर्स का मानना है कि वहीदा रहमान जैसी अनुभवी अभिनेत्री की मौजूदगी इस किरदार को और गहराई देगी। मनोज बाजपेयी के साथ सौरभ शुक्ला भी फिल्म में अहम भूमिका में नजर आएंगे।


